दुर्ग में Swine Flu की एंट्री, 2 साल की बच्ची में H1N1 की पुष्टि; Health Department अलर्ट
दुर्ग जिले में स्वाइन फ्लू का पहला मामला सामने आया, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
दुर्ग। जिले में स्वाइन फ्लू (H1N1) का पहला मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। जिले के एक निजी अस्पताल में भर्ती 2 साल 11 माह की बच्ची की जांच रिपोर्ट में H1N1 वायरस की पुष्टि हुई है।
बच्ची को तेज बुखार और फ्लू जैसे लक्षण होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों को लक्षणों के आधार पर स्वाइन फ्लू की आशंका हुई, जिसके बाद बच्ची की RT-PCR जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई है।
विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी
फिलहाल बच्ची का इलाज निजी अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा बच्ची की स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
सिविल सर्जन डॉ. आशीष कुमार मिंज ने बताया कि बच्ची को करीब दो दिन पहले तेज बुखार और फ्लू जैसे लक्षणों के बाद अस्पताल लाया गया था। चिकित्सकों ने प्रारंभिक लक्षणों को देखते हुए स्वाइन फ्लू की जांच कराने का निर्णय लिया था।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि तेज बुखार, लगातार खांसी, गले में खराश, सांस लेने में परेशानी या फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न करें और समय पर चिकित्सकीय सलाह लें।
स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

