CG BREAKING: परीक्षा से 2 घंटे पहले WhatsApp पर पहुंचा पेपर, कृषि विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल…..
रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में बीएससी एग्रीकल्चर सेकेंड ईयर के एंटोमोलॉजी (कीट विज्ञान) विषय का प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने से करीब दो घंटे पहले WhatsApp पर वायरल होने का मामला सामने आया है। प्रश्नपत्र की तस्वीरें और सवाल परीक्षा शुरू होने से पहले ही विद्यार्थियों के बीच पहुंच गए, जिससे विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
मामले की जानकारी विश्वविद्यालय प्रशासन को मिलते ही तत्काल संज्ञान लिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्रश्नपत्र किसी अन्य स्रोत से फॉरवर्ड होकर विद्यार्थियों तक पहुंचा था। प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि प्रश्नपत्र सबसे पहले कहां से बाहर आया और उसे WhatsApp पर किसने प्रसारित किया।
प्रश्नपत्र असली था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के अनुसार WhatsApp पर वायरल प्रश्नपत्र और निर्धारित परीक्षा में दिए गए प्रश्नपत्र में काफी समानता सामने आई है। प्रश्नपत्र की गोपनीयता भंग होने की स्थिति में परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए विश्वविद्यालय ने संबंधित परीक्षा को रद्द करने का निर्णय लिया है।
अब इस विषय की परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी। नई परीक्षा की तारीख और अन्य जानकारी विश्वविद्यालय द्वारा अलग से जारी की जाएगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले में एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है। पुलिस जांच में प्रश्नपत्र के स्रोत, उसे बाहर लाने वाले व्यक्ति तथा WhatsApp पर इसे आगे प्रसारित करने वालों की भूमिका की जांच की जाएगी।
प्रशासन यह भी पता लगाएगा कि प्रश्नपत्र कितने विद्यार्थियों तक पहुंचा और परीक्षा से पहले इसकी जानकारी बाहर कैसे आई। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों के हित और परीक्षा की निष्पक्षता को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। संबंधित विषय की परीक्षा दोबारा कराई जाएगी तथा पूरे मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

