भिलाई का BJP नेता गिरफ्तार: GM-AGM के बाद अब BJP नेता गिरफ्तार! BSP के करोड़ों की लोहा चोरी कांड में बड़ा खुलासा……
डिजिटल डेस्क | भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) में करोड़ों रुपये के लोहा चोरी मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शनिवार को भाजपा नेता भास्कर मुदलियार को गिरफ्तार किया है। इस मामले में इससे पहले बीएसपी के जीएम हिमांशु भूषण मलिक और एजीएम मनोज कुमार देवांगन सहित कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि लोहा चोरी के लिए जिन ट्रकों का उपयोग किया जा रहा था, उनका संबंध भास्कर मुदलियार से है। इसी आधार पर उनसे पूछताछ की गई और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया।
भास्कर मुदलियार वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा मंडल में कोषाध्यक्ष के पद पर कार्यरत थे। गिरफ्तारी के बाद भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें छह वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है।
पुलिस जांच में यह भी स्पष्ट हुआ है कि प्रारंभ में जिस मामले को स्क्रैप चोरी माना जा रहा था, वह वास्तव में एक संगठित गिरोह द्वारा अंजाम दी जा रही सुनियोजित लोहा चोरी का मामला है। जांच के दौरान बीएसपी के कुछ अधिकारियों, ठेकेदारों, ट्रांसपोर्टरों, कारोबारियों और एक भाजपा नेता की संलिप्तता सामने आई है।
अब तक इस प्रकरण में कुल 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आगे भी नए खुलासे एवं कार्रवाई की संभावना है।

