छत्तीसगढ़ में हड़ताल पर बड़ा एक्शन: 27 जुलाई तक लौटो, नहीं तो नौकरी खत्म! अतिथि शिक्षकों को सरकार का अल्टीमेटम
रायपुर। छत्तीसगढ़ में हड़ताल पर बैठे अतिथि शिक्षकों को स्कूल शिक्षा विभाग ने अंतिम चेतावनी जारी की है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (डीईओ) को निर्देश देते हुए कहा है कि 27 जुलाई 2026 तक यदि हड़ताल पर गए अतिथि शिक्षक अपनी ड्यूटी पर वापस नहीं लौटते हैं, तो उनकी सेवाएं समाप्त कर दी जाएंगी।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि अतिथि शिक्षकों की हड़ताल के कारण प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित हो रही है, जिसे देखते हुए विद्यार्थियों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। डीईओ को निर्देशित किया गया है कि संबंधित अतिथि शिक्षकों को निर्धारित तिथि तक कार्य पर लौटने के लिए सूचित करें।
साथ ही आदेश में कहा गया है कि यदि 27 जुलाई तक अतिथि शिक्षक वापस नहीं आते हैं, तो पूर्व में जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार उनकी अध्यापन व्यवस्था तत्काल समाप्त कर स्कूलों में वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित न हो।
यह आदेश लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा 23 जुलाई 2026 को जारी किया गया है।

