BIG BREAKING: रायपुर के उरला स्थित फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, तीन मजदूरों की मौत, जांच शुरू
रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र स्थित थ्रीडी इनोवेशन फैक्ट्री में मंगलवार शाम हुए भीषण विस्फोट में तीन मजदूरों की मौत हो गई। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि मृतकों के शरीर के अंग घटनास्थल से काफी दूर तक जा गिरे। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही उरला पुलिस, फायर ब्रिगेड और फैक्ट्री प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसे में घायल कमल सिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं लाल सिंह और अरुण पांडे की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक कमल सिंह (25 वर्ष) और लाल सिंह मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले के निवासी थे, जबकि अरुण पांडे (19 वर्ष) छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के रहने वाले थे। फैक्ट्री में पिग आयरन (कच्चा लोहा) का उत्पादन किया जाता है, जिससे ऑटोमोबाइल उद्योग में उपयोग होने वाले पुर्जे तैयार किए जाते हैं।
नॉर्थ जोन के डीसीपी मयंक गुर्जर के अनुसार प्रारंभिक जांच में फर्नेस के पास ऑक्सीजन सिलेंडर में विस्फोट होने की जानकारी सामने आई है। विस्फोट की चपेट में आसपास कार्यरत मजदूर आ गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
वहीं, मृतकों के परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस और संबंधित विभाग सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।

