CG BREAKING: सुशासन तिहार समाधान शिविर में ACB की बड़ी कार्रवाई, 40 हजार की रिश्वत लेते बाबू गिरफ्तार
डिजिटल डेस्क : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत तुमान में आयोजित सुशासन तिहार समाधान शिविर के दौरान एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए BEO कार्यालय के सहायक ग्रेड-2 कर्मचारी प्रदीप मिश्रा को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई बिलासपुर ACB टीम ने डीएसपी अजीत सिंह के नेतृत्व में की।
जानकारी के अनुसार, सेवानिवृत्त शिक्षक अमृतलाल बघेल अपनी GPF पासबुक में कटौती की एंट्री कराने के लिए लंबे समय से कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे। आरोप है कि इस कार्य के एवज में सहायक ग्रेड-2 कर्मचारी प्रदीप मिश्रा द्वारा उनसे 40 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई थी।
परेशान होकर शिक्षक ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की। शिकायत की पुष्टि होने के बाद ACB टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए समाधान शिविर में आरोपी को रिश्वत की रकम लेते ही रंगे हाथ पकड़ लिया।
सूत्रों के मुताबिक आरोपी प्रदीप मिश्रा पर पूर्व में भी वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लग चुके हैं तथा विभागीय कार्रवाई भी हुई थी। इसके बावजूद लंबे समय तक विभाग में पदस्थ रहने को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं।
कार्रवाई के बाद ACB टीम आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मामले में किसी बड़े भ्रष्टाचार नेटवर्क की संलिप्तता तो नहीं है।
इस कार्रवाई के बाद समाधान शिविर में मौजूद कर्मचारियों और आम लोगों के बीच हड़कंप की स्थिति रही। वहीं स्थानीय लोगों ने भ्रष्टाचार के खिलाफ हुई इस कार्रवाई को सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाने से सरकारी तंत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी।

