CG BREAKING: 12वीं बोर्ड पेपर लीक का मास्टरमाइंड गिरफ्तार! ₹3000 में बेचता था हिंदी का पेपर……
12वीं बोर्ड हिंदी पेपर लीक मामले का मास्टरमाइंड गिरफ्तार
▪️ NSUI नेता वेणु उर्फ वेणु जंघेल को बिलासपुर से गिरफ्तार किया गया
▪️ छात्रों से 3 हजार रुपए लेकर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का आरोप
▪️ डिजिटल साक्ष्य मिटाने की कोशिश, साइबर एक्सपर्ट्स ने रिकवर किया डेटा
▪️ रायपुर क्राइम ब्रांच और कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
डिजिटल डेस्क | रायपुर: माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं बोर्ड हिंदी परीक्षा का प्रश्नपत्र सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टेलीग्राम पर वायरल होने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी वेणु उर्फ वेणु जंघेल को बिलासपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी बेमेतरा जिले के ग्राम बरसरा का निवासी है तथा वर्तमान में रायपुर के गोकुल नगर क्षेत्र में रह रहा था।
ज्ञात हो कि 12वीं बोर्ड का हिंदी प्रश्नपत्र 13 मार्च की रात सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जबकि परीक्षा 14 मार्च को आयोजित की गई थी। मामले की जानकारी सामने आने के बाद परीक्षा को निरस्त कर 10 अप्रैल को दोबारा आयोजित किया गया।
प्रकरण में कोतवाली थाना में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर विशेष जांच टीम गठित की गई थी। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी मोबाइल चैट, सोशल मीडिया रिकॉर्ड एवं अन्य डिजिटल साक्ष्यों को नष्ट करने का प्रयास कर रहे हैं। साइबर एक्सपर्ट्स की सहायता से डिलीटेड डेटा रिकवर कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए।
पुलिस द्वारा 50 से अधिक छात्रों एवं संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी छात्रों से 3 हजार रुपए लेकर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराता था।
घटना सामने आने के बाद आरोपी लगातार फरार चल रहा था तथा गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने मोबाइल एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को नष्ट करने का प्रयास किया। आरोपी की गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
लगातार डिजिटल ट्रैकिंग, तकनीकी निगरानी एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी को बिलासपुर से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया है।
चार दिन की पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी ने पेपर लीक नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन एवं अन्य संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी है। पुलिस द्वारा मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है तथा जांच जारी है।

