दुर्ग चौहान टाउन फ्लैट में धधकी आग, दमकल की तेजी से टला बड़ा हादसा

डिजिटल डेस्क | दुर्ग। चौहान टाउन क्षेत्र में बुधवार शाम एक फ्लैट में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना 29 अप्रैल 2026 को लगभग शाम 7:30 बजे की है, जब स्मृति नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित चौहान टाउन के प्रथम तल के एक फ्लैट से आग की लपटें उठने लगीं।

मिली जानकारी के अनुसार, फ्लैट में लगी आग की सूचना तत्काल अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा दुर्ग को दी गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की दो दमकल गाड़ियों को मौके के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंचते ही अग्निशमन कर्मियों ने देखा कि कमरे से तेज आग और घना धुआं निकल रहा है।

दमकल टीम ने बिना समय गंवाए फ्लैट के अंदर प्रवेश कर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान आग की भयावह स्थिति के बावजूद कर्मियों ने साहस और तत्परता दिखाते हुए बड़ी दुर्घटना को टाल दिया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

घटना स्थल पर जिला अग्निशमन अधिकारी श्री नागेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पूरी कार्रवाई की गई। टीम में अग्निशमन सहायक प्रभारी प्रवीण बारा, दल प्रभारी केशव यादव एवं शरद मेश्राम सहित धर्मेंद्र बंजारे, मोहन राव, राहुल, पवित्र, हरीश, मनोज, पराग और खेमराज जैसे कर्मियों ने अहम भूमिका निभाई।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, जिसकी जांच की जा रही है। अग्निशमन दल की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी घटना होने से टल गई और क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!