Durg Breaking News: दुर्ग में बुजुर्ग महिला से चेन स्नैचिंग, स्कूटी सवार बदमाश फरार, CCTV खंगाल रही पुलिस
डिजिटल डेस्क | दुर्ग। शहर के मोहन नगर थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला से चेन स्नैचिंग की वारदात सामने आई है। स्कूटी सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने महिला के गले से सोने की माला छीनकर मौके से फरार हो गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसे पुलिस जांच में शामिल कर रही है।
जानकारी के अनुसार, 15 अप्रैल की सुबह करीब 5:45 बजे आजाद चौक निवासी मुन्नी बाई पटेल अपने देवर के घर जा रही थीं। इसी दौरान स्कूटी पर सवार तीन युवक उनके पास पहुंचे। बदमाशों में से एक ने उरला जाने का रास्ता पूछने के बहाने उन्हें रोका और अचानक उनके गले से सोने की माला झपट ली।
बताया जा रहा है कि छीनी गई माला में सोने की दो पत्ती और मेहंदी दाना जड़ा हुआ था, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपये आंकी गई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पीड़िता के परिजन मोहन नगर थाना पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही, घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

