दुर्ग ब्रेकिंग: भिलाई स्टील प्लांट में ब्लास्ट के बाद भीषण आग: पावर प्लांट-2 में हड़कंप, कई कर्मचारी घायल
डिजिटल डेस्क | दुर्ग/ भिलाई: Bhilai Steel Plant के पावर प्लांट-2 में मंगलवार सुबह लगभग 10 बजे टर्बाइन सेक्शन में अचानक ब्लास्ट होने के बाद भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया तथा आसमान में दूर तक धुएं का गुबार देखा गया।
घटना के समय प्लांट में कार्यरत कर्मचारियों ने स्थिति को भांपते हुए तत्काल सुरक्षित स्थानों की ओर रुख किया और पीछे के मार्ग से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की आधा दर्जन से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए युद्ध स्तर पर प्रयास शुरू किया गया।
संयंत्र प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारी एवं प्रशासनिक टीम भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई। दमकल कर्मियों के प्रयासों से आग पर धीरे-धीरे नियंत्रण पाया जा रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस घटना में कुछ कर्मचारियों के घायल होने की सूचना है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक दो बीएसपी कर्मियों एवं तीन ठेका श्रमिकों को हल्की चोटें आई हैं, जबकि एक कर्मचारी के पैर में फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है। सभी घायलों को सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। कुछ घायलों को प्रारंभिक उपचार प्लांट के मेडिकल पोस्ट में दिया गया।
घटना के कारणों का अभी तक आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं हुआ है। प्रारंभिक तौर पर टर्बाइन सेक्शन में तकनीकी खराबी अथवा दबाव बढ़ने से ब्लास्ट होने की आशंका जताई जा रही है। विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
घटना के पश्चात प्लांट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है तथा कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रबंधन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

