दुर्ग ब्रेकिंग: मेरी मौत के जिम्मेदार…” सुसाइड नोट में बड़ा खुलासा, भिलाई में हड़कंप…..

डिजिटल डेस्क | दुर्ग/भिलाई: दुर्ग जिले के भिलाई क्षेत्र में एक पेंटर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, स्मृति नगर चौकी क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव उसके किराए के मकान में मिला। मृतक की पहचान मोहन रामटेके (42 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पेशे से पेंटर था।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मृतक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।

सुसाइड नोट में मृतक ने राजू पाल एवं सोनिया गोस्वामी नामक दो व्यक्तियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। नोट में उल्लेख है कि दोनों द्वारा उसे एक लाख रुपये की मांग को लेकर धमकाया जा रहा था तथा पुलिस में फंसाने की बात कहकर कथित रूप से ब्लैकमेल किया जा रहा था। मृतक ने राजू पाल को एक राजनीतिक दल से जुड़ा बताया है।

हालांकि, आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए राजू पाल ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि पिछले तीन महीनों से उनका मृतक से कोई संपर्क नहीं था और न ही उन्होंने किसी प्रकार का दबाव बनाया।

जानकारी के अनुसार, मोहन रामटेके पिछले तीन महीनों से हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था। घटना के दिन उसके परिवार के सदस्य अस्पताल में थे, जहां उसकी पत्नी का ऑपरेशन होना था। सुबह जब पत्नी घर पहुंची, तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खोला गया, जिसके बाद अंदर मृतक का शव पाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्मृति नगर चौकी, सुपेला थाना पुलिस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सिटी) एवं सीएसपी भिलाई नगर मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है तथा सुसाइड नोट के आधार पर सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!