अश्लील डांस मामले में बड़ा एक्शन, गरियाबंद के SDM सस्पेंड…..
डिजिटल डेस्क|रायपुर/गरियाबंद। गरियाबंद जिले के उरमाल क्षेत्र में आयोजित अश्लील नृत्य कार्यक्रम के मामले में प्रशासन ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। मैनपुर के एसडीएम तुलसीदास मरकाम को रायपुर संभागीय आयुक्त द्वारा तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इससे पहले वीडियो वायरल होने के बाद गरियाबंद कलेक्टर ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर एसडीएम मैनपुर के पद से हटा दिया था।
जांच रिपोर्ट के बाद सख्त कदम
अपर कलेक्टर गरियाबंद द्वारा 14 जनवरी 2026 को सौंपी गई जांच रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया कि कार्यक्रम के दौरान अश्लील नृत्य हुआ और एसडीएम द्वारा कर्तव्य पालन में गंभीर लापरवाही बरती गई। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि अश्लील कार्यक्रम को रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए, जो छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के विरुद्ध है।
संभागीय आयुक्त का निर्णय
जांच रिपोर्ट और एसडीएम के असंतोषजनक जवाब के आधार पर रायपुर संभागीय आयुक्त एम.डी. कावरे ने एसडीएम तुलसीदास मरकाम को निलंबित करने का आदेश जारी किया। निलंबन अवधि में उन्हें बलौदाबाजार-भाटापारा जिला मुख्यालय कार्यालय से अटैच किया गया है।
मामले की पृष्ठभूमि
गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड के ग्राम उरमाल में 5 से 9 जनवरी 2026 तक नृत्य-नाटक-संगीत कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसकी अनुमति तत्कालीन एसडीएम मैनपुर तुलसीदास मरकाम ने दी थी। कार्यक्रम के दौरान अश्लील नृत्य प्रस्तुत किए जाने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए।
कार्रवाई में लापरवाही का आरोप
जानकारी मिलने पर एसडीएम मौके पर पहुंचे, लेकिन कार्यक्रम रुकवाने के बजाय उसमें शामिल होने का आरोप सामने आया। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित एसडीएम के खिलाफ कार्रवाई की। साथ ही मामले में आयोजकों और कुछ पुलिसकर्मियों पर भी गिरफ्तारी सहित अन्य कार्रवाई की गई है।
