Weather Update: अगले 3 दिनों में छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में भारी बारिश की संभावना, आपदा प्रबंधन विभाग ने किया अलर्ट
सितंबर लगते ही छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर एक्टिव हो गया है। बंगाल की खाड़ी के उत्तरी भाग में बने एक निम्न दबाव का क्षेत्र से 2 दिनों तक प्रदेश में मेघगर्जन की गतिविधि, वर्षा वितरण और तीव्रता में वृद्धि होगी।

इसके साथ ही दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा होगी। आज रायपुर में आकाश सामान्यतः मेघमय रहने के साथ एक-दो बार वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ेगी। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 32 डिग्री सेल्सियस और 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। बता दे कि छत्तीसगढ़ में अब तक 891.7 मिमी औसत वर्षा रिकार्ड की जा चुकी है।

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में
अगले 24 घंटों में कोंडागांव, कांकेर, नारायणपुर, रायपुर, सक्ती , सारंगढ़ बिलाईगढ़ में भारी बारिश होने की संभावना है।

वेदर सिस्टम के असर से 2 से 5 सितंबर के बीच बिलासपुर समेत उत्तर छत्तीसगढ़ में झमाझम बारिश की उम्मीद है। बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग में इसका ज्यादा असर रहेगा। खास करके रायपुर और बिलासपुर संभाग के पूर्वी जिलों में गरज–चमक के साथ भारी वर्षा और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है।

