CG BREAKING: भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य की रिमांड बढ़ी, अब 1 सितंबर तक जेल में
रायपुर, दिनांक 18 अगस्त 2025 छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले मामले में गिरफ्तार पूर्व मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल को विशेष न्यायालय ने एक बार फिर 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। अवधि पूर्ण होने पर उन्हें आज कोर्ट में पेश किया गया, जहां तीसरी बार न्यायिक रिमांड बढ़ाई गई। इस मामले में अगली सुनवाई 1 सितंबर को होगी।
इससे पूर्व प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने चैतन्य बघेल की 5 दिन की कस्टोडियल रिमांड की मांग की थी। इस पर सुनवाई 19 अगस्त को होगी।

गौरतलब है कि, भूपेश बघेल और चैतन्य बघेल ने सुप्रीम कोर्ट में जमानत याचिका दाखिल कर सीबीआई और ईडी की जांच शक्तियों को चुनौती दी थी। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने इस याचिका पर सुनवाई से इंकार करते हुए हाईकोर्ट जाने की सलाह दी। साथ ही कोर्ट ने कहा कि यदि पीएमएलए कानून की वैधानिकता को चुनौती देनी है, तो अलग याचिका दायर की जाए। इस प्रकरण पर अगली सुनवाई 6 अगस्त को निर्धारित है।
विदित हो कि 18 जुलाई की सुबह ईडी ने भिलाई स्थित बघेल निवास पर छापा मारकर चैतन्य बघेल को उनके जन्मदिन के दिन ही गिरफ्तार किया था। उन पर छत्तीसगढ़ शराब घोटाले से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग का गंभीर आरोप है।


