CG BREAKING: 18 साल की युवती ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी
डिजिटल डेस्क | दुर्ग/रायपुर: राजधानी रायपुर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में एक 18 वर्षीय युवती द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना अमलीडीह स्थित मारुति रेजिडेंसी की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्चुरी भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान हनीफा उर्फ अनिमा पटेल (18 वर्ष), पिता महेंद्र पटेल के रूप में हुई है। बताया गया है कि मृतका के पिता के खिलाफ मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में लगभग तीन वर्ष पुराना एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज है, जिसमें वह आरोपी हैं और लंबे समय से फरार चल रहे थे। इस मामले में उनके खिलाफ कई बार वारंट जारी किए जा चुके हैं।
इसी सिलसिले में मंदिर हसौद थाना पुलिस पूछताछ के लिए मृतका की मां को थाने लेकर गई थी। आशंका जताई जा रही है कि इस दौरान घर पर अकेली मौजूद युवती मानसिक तनाव में आ गई और उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। मामले की जांच संबंधित थाना पुलिस द्वारा की जा रही है और सभी पहलुओं की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है।
इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
यदि आप या आपके आसपास कोई व्यक्ति मानसिक तनाव से जूझ रहा है, तो तुरंत स्थानीय सहायता केंद्र या हेल्पलाइन से संपर्क करें। समय पर संवाद और सहायता जीवन बचा सकती है।

