दुर्ग में नाबालिग किशोरी ने की आत्महत्या, घर से मिला सुसाइड नोट
दुर्ग: नाबालिग किशोरी द्वारा आत्महत्या, पुलिस ने सुसाइड नोट किया बरामद
दुर्ग | दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत शंकर नगर, बौद्ध कुटीर के पास एक 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी द्वारा अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतिका निष्ठा गोस्वामी (उम्र 16 वर्ष) शुक्रवार शाम अपने घर के कमरे में फांसी के फंदे पर झूलती हुई पाई गई। परिजनों द्वारा आवाज देने पर दरवाजा नहीं खुलने से अनहोनी की आशंका हुई। दरवाजा खोलने पर किशोरी को फंदे पर लटका देख तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर मोहन नगर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भिजवाया। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया गया है।
सुसाइड नोट में माता-पिता से माफी
पुलिस के अनुसार, सुसाइड नोट में किशोरी ने केवल “सॉरी मम्मी-पापा” लिखते हुए अपने इस कदम के लिए माता-पिता से माफी मांगी है। नोट में आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और सभी पहलुओं से मामले की विवेचना की जा रही है।

