T20 World Cup 2026 Final: क्या आज खत्म होगा ‘संडे डर’? भारत-न्यूजीलैंड के बीच महामुकाबला
T20 World Cup 2026 Final: आज फाइनल में भारत बनाम न्यूजीलैंड, ‘संडे एंग्जायटी’ से घिरे फैंस
डिजिटल डेस्क | दुर्ग/ अहमदाबाद। टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला आज रविवार, 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस खिताबी मुकाबले में भारत और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने होंगी। शानदार फॉर्म में चल रही भारतीय टीम को इस मैच में फेवरेट माना जा रहा है, लेकिन सोशल मीडिया और क्रिकेट प्रशंसकों के बीच एक अलग तरह की चर्चा भी चल रही है।
दरअसल, फैंस इसे “संडे एंग्जायटी” यानी रविवार की घबराहट का नाम दे रहे हैं। आंकड़ों के एक दिलचस्प संयोग ने भारतीय क्रिकेट प्रेमियों की चिंता बढ़ा दी है। इतिहास बताता है कि टीम इंडिया ने अब तक रविवार के दिन कोई भी वर्ल्ड कप ट्रॉफी अपने नाम नहीं की है।
इसका सबसे ताजा उदाहरण 2023 का वनडे वर्ल्ड कप फाइनल है। अहमदाबाद के इसी नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए उस मुकाबले में भारतीय टीम को रविवार के दिन ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। इससे पहले 2003 के वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में भी रविवार को ही ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराया था।
इसके अलावा 2014 के टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में श्रीलंका ने भारत को मात दी थी। वहीं 2017 की चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पाकिस्तान ने भी रविवार को ही टीम इंडिया को हराया था। ऐसे में अब 2026 का यह फाइनल भी रविवार को होने से फैंस के बीच थोड़ी चिंता देखने को मिल रही है।
हालांकि भारतीय क्रिकेट इतिहास में कई बड़ी जीतें भी दर्ज हैं। 1983 का ऐतिहासिक वनडे वर्ल्ड कप भारत ने शनिवार, 25 जून को वेस्टइंडीज को हराकर जीता था। इसके बाद 2007 में पहला टी20 वर्ल्ड कप भारत ने सोमवार, 24 सितंबर को पाकिस्तान को हराकर अपने नाम किया।
2011 का वनडे वर्ल्ड कप भी शनिवार, 2 अप्रैल को जीता गया था, जब महेंद्र सिंह धोनी ने श्रीलंका के खिलाफ विजयी छक्का लगाया था। हाल ही में 2024 का टी20 वर्ल्ड कप खिताब भी भारत ने शनिवार, 29 जून को दक्षिण अफ्रीका को हराकर जीता था।
अब क्रिकेट प्रेमियों की नजरें आज होने वाले फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं। देखना होगा कि टीम इंडिया रविवार के इस संयोग को तोड़कर इतिहास रचती है या नहीं।

