छत्तीसगढ़ राज्यसभा चुनाव: बीजेपी की लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस की फूलोदेवी नेताम निर्विरोध जीतीं
डिजिटल डेस्क | दुर्ग/रायपुर: छत्तीसगढ़ से राज्यसभा की दो सीटों के लिए भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस की प्रत्याशी फूलोदेवी नेताम निर्विरोध निर्वाचित हो गई हैं। दोनों प्रमुख दलों ने एक-दूसरे के खिलाफ उम्मीदवार नहीं उतारा, जिसके चलते इन सीटों पर चुनाव की आवश्यकता नहीं पड़ी।
बीजेपी ने लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा के लिए प्रत्याशी बनाया था। वे वर्तमान में राज्य महिला आयोग की सदस्य और भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। लक्ष्मी वर्मा पिछले करीब 30 वर्षों से सक्रिय राजनीति में हैं और रायपुर जिला पंचायत की अध्यक्ष सहित पार्टी में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुकी हैं। महिला वर्ग में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है।
वहीं कांग्रेस ने बस्तर क्षेत्र से आने वाली आदिवासी नेत्री फूलोदेवी नेताम को उम्मीदवार बनाया था। वे भी करीब 32 वर्षों से पार्टी संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। एक बातचीत में फूलोदेवी नेताम ने कहा कि उन्हें किसी पद का लालच नहीं है और वे पार्टी के निर्देशों के अनुसार कार्य करती रही हैं।
गौरतलब है कि राज्यसभा सीट के लिए भाजपा हाईकमान ने कई नामों पर विचार-विमर्श किया था, जिनमें लक्ष्मी वर्मा, डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी और नारायण चंदेल का नाम शामिल था। अंततः लंबे समय से सक्रिय और अनुभवी नेता लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा भेजने का निर्णय लिया गया।

