दुर्ग में पिज्जा पर बवाल: गुस्साए ग्राहक ने मॉनिटर फोड़ा, कर्मचारियों को दी धमकी

डिजिटल डेस्क | दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पिज्जा ऑर्डर मिलने में देरी होने पर एक ग्राहक ने आउटलेट में जमकर हंगामा कर दिया। गुस्से में आकर उसने कर्मचारियों से गाली-गलौज की और काउंटर पर लगे ऑर्डर मॉनिटर को तोड़ दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

यह मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है। नेहरू नगर स्थित डोमिनोज पिज्जा आउटलेट के क्लस्टर मैनेजर ढाकेश्वर कुमार (38) के अनुसार 5 मार्च की रात करीब 9:15 बजे वे ड्यूटी पर थे। इसी दौरान नरेंद्र मानिकपुरी नाम का ग्राहक आउटलेट पहुंचा और पिज्जा का ऑर्डर दिया। कुछ देर तक इंतजार करने के बाद ऑर्डर मिलने में देरी होने पर वह नाराज हो गया और काउंटर पर मौजूद कर्मचारियों जया साहू और शिवचरण से विवाद करने लगा।

विवाद बढ़ने पर ग्राहक ने अपना ऑर्डर कैंसिल कर दिया और पैसे वापस मांगने लगा। कर्मचारियों ने उसे बताया कि ऑनलाइन भुगतान की राशि 48 घंटे के भीतर रिफंड हो जाएगी। यह बात सुनकर ग्राहक और भड़क गया और तुरंत कैश में पैसे लौटाने की मांग करने लगा।

इस दौरान उसने कर्मचारियों से गाली-गलौज शुरू कर दी और हंगामा करने लगा। गुस्से में आकर उसने काउंटर पर लगे ऑर्डर मॉनिटर पर मुक्का मार दिया, जिससे मॉनिटर क्षतिग्रस्त हो गया। इसके साथ ही उसने आउटलेट में तोड़फोड़ करते हुए कर्मचारियों को देख लेने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया।

घटना के समय मौजूद कर्मचारी जया साहू, शिवचरण, असलम अंसारी और जसमीत सिंह ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। कर्मचारियों के अनुसार आरोपी लगातार गाली-गलौज करता रहा और मारपीट की भी कोशिश की, जिससे दुकान का माहौल बिगड़ गया।

सुपेला थाना पुलिस ने क्लस्टर मैनेजर ढाकेश्वर कुमार की शिकायत पर आरोपी नरेंद्र मानिकपुरी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!