CG BREAKING: बिलासपुर में तंत्र-मंत्र के शक में व्यक्ति ने की आत्महत्या, गला काटकर दी जान
डिजिटल डेस्क | दुर्ग/बिलासपुर जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जोंधरा में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां 45 वर्षीय व्यक्ति ने कथित रूप से तंत्र-मंत्र के प्रभाव में आकर खुद का गला काटकर आत्महत्या कर ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक चंदन नट भीख मांगकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। मंगलवार को वह रोज की तरह घर लौटा और शाम को अपने बड़े भाई के साथ समय बिताने के बाद पूजा कक्ष में चला गया।
शाम करीब 7 बजे मृतक की बहू जब पूजा कक्ष में गई, तो उसने चंदन को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा, जिससे वह घबरा गई और चीख पड़ी। परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पचपेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड एवं फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया। रात होने के कारण शव को मौके पर ही सुरक्षित रखा गया, जिसके बाद अगले दिन पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ में अधिक विश्वास रखता था। घटना से पहले वह एक चाकू खरीदकर लाया था, जिसका उपयोग उसने आत्मघाती कदम उठाने में किया। बताया जा रहा है कि इससे पूर्व भी वह स्वयं को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर चुका था।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और सभी पहलुओं पर गौर किया जा रहा है।

