बेमेतरा जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, मेल मिलते ही खाली कराया गया पूरा कोर्ट परिसर
डिजिटल डेस्क | दुर्ग/बेमेतरा: जिला एवं सत्र न्यायालय बेमेतरा को ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद न्यायालय परिसर में हड़कंप मच गया। जानकारी मिलते ही एहतियात के तौर पर न्यायालय परिसर तथा उससे सटे तहसील कार्यालय को तत्काल खाली करा लिया गया। मौके पर पुलिस, बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीम पहुंचकर पूरे परिसर की सघन जांच कर रही है।
लोक अभियोजक शिव गोपाल श्रीवास ने बताया कि सोमवार सुबह लगभग 11 बजे न्यायालय खुलने के बाद आधिकारिक ई-मेल पर बम से उड़ाने की धमकी प्राप्त हुई। इसके बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए न्यायालय परिसर को खाली कराया गया और दिनभर की न्यायिक प्रक्रिया स्थगित कर दी गई। फिलहाल पुलिस विभाग पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।
वहीं थाना प्रभारी सोनल ग्वाला ने बताया कि माननीय न्यायालय को मिली धमकी के बाद निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीम द्वारा जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को बेमेतरा के साथ-साथ बालोद जिला न्यायालय को भी इसी तरह की धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ है। ई-मेल किसने और कहां से भेजा है, इसकी जांच की जा रही है। इससे पहले 25 फरवरी को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट सहित प्रदेश के अन्य जिलों के न्यायालयों को भी इस प्रकार की धमकियां मिल चुकी हैं, जिनमें कई मामले बाद में अफवाह साबित हुए थे।

