भिलाई में सुबह-सुबह दर्दनाक घटना! पावर हाउस ओवरब्रिज से गिरकर 21 साल की पूनम की मौत, टहलने निकली थी घर से… हादसा या आत्महत्या? जांच में जुटी पुलिस

भिलाई। पावर हाउस ओवरब्रिज पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां ओवरब्रिज से गिरने के कारण 21 वर्षीय युवती की मौत हो गई। घटना सुबह करीब 8:45 बजे छावनी थाना क्षेत्र की है। मृतका की पहचान पूनम अहिरवार (21), निवासी अटल आवास, शिवाजी नगर खुर्सीपार के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही छावनी पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को तत्काल शासकीय लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल, सुपेला ले जाया गया। जांच के बाद डॉक्टरों ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी की और शव को मरचुरी में रखवाया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार, पूनम सुबह टहलने के लिए घर से निकली थी। कुछ समय बाद उन्हें पुलिस के माध्यम से उसकी मौत की सूचना मिली। युवती ओवरब्रिज तक कैसे पहुंची और किन परिस्थितियों में नीचे गिरी, फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।

 

जानकारी के मुताबिक, पूनम मिर्गी की बीमारी से पीड़ित थी और कुछ दिनों तक अस्पताल में भर्ती भी रही थी। एम्स में भी उसका इलाज चल रहा था। हालांकि, उसकी बीमारी और घटना के बीच किसी संबंध की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

शुरुआती जानकारी में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन युवती के ओवरब्रिज से गिरने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस हादसे और आत्महत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

छावनी सीएसपी प्रशांत पैकरा के मुताबिक, मृतका की पहचान पूनम अहिरवार, पिता हुकुमचंद, उम्र 21 वर्ष, निवासी अटल आवास शिवाजी नगर खुर्सीपार के रूप में हुई है। मामले में मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही युवती की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!