दुर्ग में 6 साल की बच्ची से बैड टच का आरोप, 45 वर्षीय मकान मालिक गिरफ्तार; पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई….
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के खुर्सीपार थाना क्षेत्र में 6 साल की मासूम बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। बच्ची के परिजनों ने मकान मालिक दिलावर यादव (45 वर्ष) पर गलत तरीके से छूने और जबरदस्ती करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद बच्ची को दर्द और ब्लीडिंग होने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच के दौरान मामले का खुलासा हुआ। शिकायत मिलते ही पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
परिजनों के मुताबिक, घटना 2 अक्टूबर की है। बच्ची ने बताया कि आरोपी ने उसे अपने पास बुलाया था। वह उसके साथ खेल रही थी, तभी आरोपी ने उसका हाथ पकड़कर गलत तरीके से छूने की कोशिश की। बच्ची ने वहां से भागने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने उसका हाथ पकड़कर उसे गोद में बैठा लिया। इस दौरान बच्ची रोने लगी। वहां मौजूद कुछ महिलाओं के पूछने पर आरोपी ने उसे जाने दिया।
घटना के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों ने जब उससे परेशानी के बारे में पूछा तो उसने दर्द की जानकारी दी। जांच करने पर उसके कपड़ों पर खून के निशान मिले और ब्लीडिंग जारी थी। इसके बाद परिजन तत्काल उसे डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे। बच्ची से बातचीत में बैड टच की जानकारी मिलने पर उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
जानकारी के मुताबिक, बच्ची का परिवार वर्ष 2021 से आरोपी दिलावर यादव के मकान में किराए पर रह रहा था। परिजनों ने आरोपी पर पहले भी बच्ची के साथ गलत हरकत करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। हालांकि, पिछली घटना को उस समय गंभीरता से नहीं लिया गया था।
परिजनों की शिकायत पर खुर्सीपार पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 अक्टूबर को आरोपी दिलावर यादव को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस बच्ची और परिजनों से पूछताछ के साथ मेडिकल जांच एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
इस मामले में एएसपी सिटी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि नाबालिग बच्ची से संबंधित पॉक्सो एक्ट का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

