दुर्ग-रायपुर हाईवे पर दर्दनाक हादसा: मामा के घर जा रहा था परिवार, रास्ते में हुआ दर्दनाक हादसा… दो मासूम समेत 4 की मौत, एक बच्चा गंभीर घायल
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग-रायपुर नेशनल हाईवे-53 पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में दो महिलाओं और दो बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे का उपचार रायपुर स्थित एम्स में जारी है। घटना कुम्हारी थाना क्षेत्र की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कूटी क्रमांक CG 07 DE 5847 पर सवार पांच लोग रायपुर स्थित अपने रिश्तेदार के घर जा रहे थे। इसी दौरान स्कूटी सड़क किनारे खड़े ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदे ट्रैक्टर (CG 07 NA 0930) के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
चार लोगों की मौके पर मौत
हादसे में अमृता निर्मलकर (28 वर्ष), लक्ष्मी निर्मलकर (26 वर्ष), यासना (7 वर्ष) और डाली (4 वर्ष) की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। वहीं भावेश (8 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए एम्स रायपुर भेजा गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही कुम्हारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला स्थित शवगृह भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है तथा चालक भोला यादव को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने लगाए आरोप
घटना के बाद कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि हादसे के समय हाईवे से नेताओं का काफिला गुजर रहा था और पुलिस प्रोटोकॉल ड्यूटी में व्यस्त थी, जिससे राहत कार्य में देरी हुई। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि या बयान जारी नहीं किया गया है। मामले की जांच जारी है।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

