AC ट्रेन में सफर करने वाले ले गए करोड़ों का सामान! तौलिया-तकिए से लेकर कंबल तक गायब
नई दिल्ली, 13 जुलाई 2026:भारतीय रेलवे की एसी ट्रेनों से बेडरोल और लिनेन सामग्री की चोरी लगातार बढ़ रही है। सूचना के अधिकार (RTI) के तहत प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनवरी 2022 से मई 2026 के बीच एसी कोचों से 1.27 करोड़ से अधिक लिनेन आइटम गायब हुए हैं। इनमें फेस टॉवल, बेडशीट, तकिया कवर, कंबल और तकिए शामिल हैं।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2022 से 2025 के बीच लिनेन चोरी की घटनाओं में लगभग 56 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इन घटनाओं से रेलवे की बेडरोल आपूर्ति करने वाली एजेंसियों को करीब 104.51 करोड़ रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
सबसे अधिक चोरी फेस टॉवल की हुई, जिनकी संख्या 46.54 लाख रही। इसके अलावा 41.13 लाख बेडशीट, 23.59 लाख तकिया कवर, 12.95 लाख कंबल और 2.76 लाख तकिए गायब होने की जानकारी सामने आई है।
रेलवे डिवीजनों की बात करें तो बीकानेर डिवीजन सबसे अधिक प्रभावित रहा, जहां 25.76 लाख लिनेन आइटम चोरी हुए। इसके बाद रांची (9.31 लाख), दिल्ली (8.21 लाख), मुंबई (8.17 लाख) जोधपुर (8.09 लाख) और अहमदाबाद (6.94 लाख) डिवीजनों में सर्वाधिक मामले दर्ज किए गए।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, प्रत्येक कोच में लिनेन की उपलब्धता और उसका रिकॉर्ड रखने की जिम्मेदारी संबंधित बेडरोल आपूर्ति एजेंसी की होती है। यदि सामग्री कम पाई जाती है, तो उसकी भरपाई भी एजेंसी को करनी पड़ती है। लगातार हो रही चोरी के कारण अतिरिक्त लिनेन सेट खरीदने पड़ रहे हैं, जिससे परिचालन लागत बढ़ रही है।
भारतीय रेलवे ने यात्रियों से सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक संसाधनों का दुरुपयोग न केवल आर्थिक नुकसान पहुंचाता है, बल्कि सभी यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर भी अतिरिक्त बोझ डालता है। रेलवे ने चोरी रोकने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए निगरानी व्यवस्था को और सख्त करने की बात कही है।

