दुर्ग में एक ही जमीन कई लोगों को बेचकर 8 लाख की ठगी, पति-पत्नी गिरफ्तार….पुलगांव पुलिस ने खोला ठगी का बड़ा खेल
भूमि विक्रय के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले 02 आरोपी गिरफ्तार
▪️ भूमि विक्रय का झांसा देकर विभिन्न व्यक्तियों से ब्याना एवं उधारी के रूप में लगभग 8 लाख रुपये प्राप्त कर धोखाधड़ी करने वाले 02 आरोपियों को पुलगांव पुलिस ने गिरफ्तार किया।
▪️ विवेचना के दौरान आरोपियों द्वारा एक ही भूमि का अन्य व्यक्तियों के साथ भी सौदा कर रकम प्राप्त किए जाने के तथ्य सामने आए।
▪️ प्रकरण में अपराध क्रमांक दर्ज कर धारा 318(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
▪️ प्रकरण में धोखाधड़ी से संबंधित अन्य तथ्यों एवं संभावित पीड़ितों के संबंध में विवेचना जारी है।
प्रार्थी द्वारा थाना पुलगांव में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर बताया गया कि आरोपी नेहा देशमुख एवं नोकेश देशमुख, निवासी ग्राम दमोदा, चौकी नगपुरा, थाना पुलगांव द्वारा ग्राम अंजोरा स्थित खसरा नंबर 615/10, रकबा 0.0115 हेक्टेयर, प्लॉट नंबर-08 की भूमि का विक्रय करने का सौदा कुल 5,50,000 रुपये में किया गया। इस दौरान प्रार्थी से ऑनलाइन एवं नकद माध्यम से कुल 5,20,000 रुपये तथा व्यवसायिक आवश्यकता बताकर प्रार्थी की माता से एनईएफटी के माध्यम से 2,80,000 रुपये प्राप्त किए गए।
कुल 8,00,000 रुपये प्राप्त करने के बाद भी आरोपियों द्वारा भूमि की रजिस्ट्री नहीं कराई गई। प्रार्थी द्वारा ऑनलाइन भूइयां पोर्टल के माध्यम से जानकारी प्राप्त करने पर उक्त भूमि किसी अन्य व्यक्ति के नाम पंजीबद्ध होना पाया गया। विवेचना के दौरान यह भी ज्ञात हुआ कि आरोपियों द्वारा दीपक कुमार चौबे, दुर्गा शर्मा एवं दिनेश कुमार पाण्डे सहित अन्य व्यक्तियों से भी उसी भूमि के नाम पर ब्याना राशि प्राप्त कर धोखाधड़ी की गई है।
प्रकरण में थाना पुलगांव में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना के दौरान दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
▪️ घटना का कारण :
भूमि विक्रय का झांसा देकर ब्याना एवं अन्य मदों में राशि प्राप्त कर धोखाधड़ी करना।
▪️ घटनास्थल :
पुलगांव चौक स्थित टपरी चाय दुकान एवं ग्राम अंजोरा, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग।
▪️ आरोपी का नाम :
1. नोकेश देशमुख, निवासी ग्राम दमोदा, चौकी नगपुरा, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग।
2. नेहा देशमुख, निवासी ग्राम दमोदा, चौकी नगपुरा, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग।
▪️ जप्त सामग्री :
प्रकरण में दस्तावेजी साक्ष्य एवं बैंकिंग लेन-देन संबंधी अभिलेख विवेचना में संकलित किए गए।
▪️ सराहनीय भूमिका :
उक्त कार्यवाही में थाना पुलगांव से उप निरीक्षक गुरविंदर सिंह संधू, उप निरीक्षक बेदराम चंद्रवंशी, प्रधान आरक्षक पुष्पकराज, प्रधान आरक्षक शकुन्तला राठिया एवं सहायक उप निरीक्षक सुभाष साहू की सराहनीय भूमिका रही।
▪️ दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी भूमि की खरीद-फरोख्त से पूर्व संबंधित दस्तावेजों एवं स्वामित्व का विधिवत सत्यापन अवश्य करें। किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी की जानकारी तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा पुलिस हेल्पलाइन पर दें।

