दुर्ग ब्रेकिंग: नंदिनी के कोड़िया धान खरीदी केंद्र में भीषण आग, 100 क्विंटल से अधिक धान जलकर खाक

दुर्ग जिले के नंदिनी थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित कोड़िया धान खरीदी केंद्र में शनिवार को अचानक भीषण आग लगने से 100 क्विंटल से अधिक धान जलकर नष्ट हो गया। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और धान के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आसपास पराली जलाने के कारण आग धान खरीदी केंद्र तक पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। आग की तीव्रता को देखते हुए उसे नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई घंटों की कड़ी मेहनत और लगभग पांच टैंकर पानी की सहायता से आग पर काबू पाया गया।

जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। प्रशासन एवं संबंधित विभागों की टीम मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

स्थानीय लोगों के अनुसार खरीदी केंद्र में बड़ी मात्रा में धान का भंडारण किया गया था। आग तेजी से फैलने के कारण नुकसान बढ़ गया, हालांकि समय रहते अग्निशमन विभाग की कार्रवाई से आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोक लिया गया। प्रशासन द्वारा नुकसान का अंतिम आकलन एवं जांच की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!