भिलाई में ED की बड़ी कार्रवाई, पूर्व IAS जे.के. ध्रुव के ठिकाने खंगाले….
भिलाई/रायपुर: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भारतमाला परियोजना से जुड़े कथित भुगतान घोटाले की जांच के तहत बुधवार सुबह रिटायर्ड आईएएस अधिकारी जे.के. ध्रुव के भिलाई स्थित सेक्टर-10 निवास सहित तीन स्थानों पर छापेमार कार्रवाई की। सुबह करीब 6 बजे कई वाहनों में पहुंचे अधिकारियों की टीम ने दस्तावेजों, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों की जांच शुरू की, जो देर तक जारी रही।
सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई भारतमाला परियोजना के अंतर्गत रायपुर-विशाखापट्टनम आर्थिक कॉरिडोर से जुड़े कथित भुगतान घोटाले की जांच के सिलसिले में की गई है। हालांकि ईडी की ओर से अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
उल्लेखनीय है कि रिटायर्ड आईएएस जे.के. ध्रुव छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) भर्ती घोटाला मामले में भी आरोपी हैं और वर्तमान में न्यायिक अभिरक्षा में हैं। ऐसे में ईडी की यह कार्रवाई भारतमाला परियोजना मामले में उनके संभावित संबंधों की जांच के रूप में देखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, भारतमाला परियोजना से जुड़े कथित घोटाले में हरमीत सिंह खनूजा को मुख्य आरोपी माना जा रहा है। जांच एजेंसियों को इस मामले में वित्तीय लेनदेन और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों से जुड़े कुछ दस्तावेज मिलने की सूचना है। ईडी की टीमें संबंधित व्यक्तियों और स्थानों से प्राप्त डिजिटल साक्ष्यों एवं दस्तावेजों की गहन जांच कर रही हैं।
फिलहाल छापेमारी के दौरान क्या-क्या बरामद हुआ है और जांच में कौन-कौन से नए तथ्य सामने आए हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना शेष है।

