देशभर में मौसम का बड़ा अलर्ट: 100 KM की रफ्तार से तूफान, ओलावृष्टि और भारी बारिश की चेतावनी

नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में अगले 48 घंटों के दौरान मौसम अचानक खतरनाक रूप ले सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि कई हिस्सों में 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी-तूफान, भारी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

आईएमडी के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले 2-3 दिनों में अरब सागर, लक्षद्वीप और बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में इसकी एंट्री के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

दिल्ली-NCR और हरियाणा में तूफान का अलर्ट

दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा में 28 मई को लू का हल्का असर रहेगा, लेकिन 29 मई को मौसम अचानक बदल सकता है। मौसम विभाग ने दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में 80 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफान, भारी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। यह स्थिति 30 मई तक बनी रह सकती है।

उत्तर प्रदेश में धूल भरी आंधी और बारिश

उत्तर प्रदेश में 28 मई को धूल भरी आंधी और लू की संभावना जताई गई है। वहीं 29 मई को पश्चिमी यूपी में 80-100 किमी प्रति घंटे और पूर्वी यूपी में 60-80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान आने का अनुमान है। कई जिलों में ओलावृष्टि और भारी बारिश का भी अलर्ट जारी किया गया है।

बिहार-झारखंड में प्री-मॉनसून एक्टिव

बिहार में प्री-मॉनसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। 28 और 29 मई को राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश और 60 से 80 किमी प्रति घंटे की तेज आंधी चलने की संभावना है। झारखंड में 28 मई से 1 जून तक बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है।

बंगाल और पहाड़ी राज्यों में भी मौसम का असर

पश्चिम बंगाल में 28 मई को 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान और भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। सिक्किम और हिमालय से सटे क्षेत्रों में भी बारिश का अलर्ट है।

वहीं हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में 28 से 30 मई के बीच मौसम खराब रहने की संभावना है। उत्तराखंड में भारी बारिश और 50-70 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।

मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम

मध्य प्रदेश में 28 मई को भीषण गर्मी और लू का असर रहेगा, लेकिन 29 और 30 मई को प्रदेश के कई हिस्सों में ओलावृष्टि और तेज आंधी-तूफान की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।

छत्तीसगढ़ में भी 29 मई से 31 मई के बीच तेज अंधड़, बारिश और ओले गिरने की संभावना जताई गई है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

तापमान में आएगी गिरावट

आईएमडी के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार और झारखंड समेत कई राज्यों में अगले कुछ दिनों के दौरान तापमान में 3 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि 31 मई के बाद तापमान फिर बढ़ने की संभावना जताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!