Durg Crime Breaking: छेड़छाड़ विवाद ने लिया खूनी मोड़! खुर्सीपार चाकूबाजी में युवक की मौत, आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क | दुर्ग: दुर्ग जिले के खुर्सीपार थाना क्षेत्र अंतर्गत बालाजी नगर में 25 अप्रैल की रात हुई चाकूबाजी की घटना ने गंभीर रूप ले लिया है। इस घटना में घायल युवक रजत कुशवाहा की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई, जबकि उसका साथी सुनील का इलाज जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 अप्रैल की रात लगभग 9:30 बजे रजत कुशवाहा अपने मित्र सुनील को मोटरसाइकिल से घर छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान बालाजी नगर स्थित गांधी विद्यालय के पास आरोपी गोलू सिंह द्वारा दोनों पर चाकू से हमला किया गया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के पश्चात आसपास के लोगों एवं परिजनों द्वारा दोनों घायलों को तत्काल सुपेला स्थित शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रामनगर स्थित स्पर्श अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान रजत कुशवाहा की स्थिति लगातार गंभीर बनी रही और 27 अप्रैल को प्रातः उसकी मृत्यु हो गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना का कारण एक युवती से कथित छेड़छाड़ को लेकर हुआ विवाद था। बीच-बचाव के दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपी ने आक्रामक होकर चाकू से हमला कर दिया।

पुलिस द्वारा आरोपी गोलू सिंह को पूर्व में ही गिरफ्तार कर लिया गया था। रजत कुशवाहा की मृत्यु के उपरांत प्रकरण में हत्या की धारा जोड़ते हुए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार मामले की विस्तृत जांच जारी है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यक पुलिस बल तैनात किया गया है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!