Durg Bus Accident: दुर्ग में भीषण हादसा—बारातियों से भरी बस पलटी, लौटते वक्त बस हादसे में 19 घायल

डिजिटल डेस्क | दुर्ग: दुर्ग जिले में एक दुखद सड़क हादसा सामने आया है, जहां बारात से लौट रही एक बस दुर्घटना का शिकार हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्ग से मड़ियापार गई बारात की बस वापसी के दौरान बोरी थाना क्षेत्र में अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि बस दादा कंपनी की थी।

इस हादसे में करीब 19 लोग घायल हो गए हैं। घायलों में एक बुजुर्ग और एक मासूम बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए दुर्ग के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा तथा राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तेजी से अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे समय पर इलाज संभव हो सका।

प्राथमिक जांच में हादसे के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है। साथ ही वाहन की तकनीकी स्थिति और चालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यात्रा के दौरान सावधानी बरतें और वाहन चालकों से भी सुरक्षित व जिम्मेदारीपूर्वक वाहन चलाने का आग्रह किया गया है।

फिलहाल मिली जानकारी के अनुसार यही अपडेट है, आगे जैसे ही नई जानकारी सामने आएगी, खबर को अपडेट किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!