रिसाली में बड़ा हादसा: चालू लाइन पर काम, करंट से श्रमिक की जान गई

डिजिटल डेस्क | दुर्ग: दुर्ग जिले के रिसाली क्षेत्र में शनिवार को बिजली लाइन सुधार कार्य के दौरान एक ठेका श्रमिक की करंट लगने से मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय रोशन कुमार देवांगन के रूप में हुई है, जो रिसाली नगर निगम में अनस्किल्ड लाइनमैन के रूप में कार्यरत था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गणेश नगर क्षेत्र में विद्युत लाइन मरम्मत का कार्य जारी था। इसी दौरान रोशन कुमार देवांगन चालू विद्युत लाइन पर कार्य कर रहा था, तभी वह करंट की चपेट में आ गया। घटना में वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही नेवई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।

प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि मृतक को आवश्यक तकनीकी प्रशिक्षण नहीं दिया गया था तथा पर्याप्त सुरक्षा उपकरण भी उपलब्ध नहीं कराए गए थे। बिना सुरक्षा किट के चालू लाइन पर कार्य कराया जाना गंभीर लापरवाही का मामला प्रतीत हो रहा है।

स्थानीय नागरिकों एवं निगम कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि ठेका श्रमिकों से जोखिमपूर्ण कार्य कराए जाते हैं, लेकिन सुरक्षा मानकों का समुचित पालन नहीं किया जाता।

घटना के बाद रिसाली नगर निगम की महापौर शशि सिन्हा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आपात बैठक बुलाई है। बैठक में संबंधित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं महापौर परिषद के सदस्य उपस्थित रहेंगे, जिसमें ठेकेदार की भूमिका, सुरक्षा प्रबंधन एवं कार्यस्थल की परिस्थितियों की समीक्षा की जाएगी।

महापौर ने स्पष्ट किया है कि श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, पुलिस द्वारा भी ठेका कंपनी, संबंधित अधिकारियों एवं कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों की विस्तृत जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!