रायपुर में खौफनाक वारदात: बर्खास्त पुलिसकर्मी ने पत्नी-बेटी को कुल्हाड़ी से काटा, खुद पहुंचा थाने
डिजिटल डेस्क | दुर्ग/ रायपुर, 01 अप्रैल। राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमरिया गांव में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बर्खास्त पुलिसकर्मी ने अपनी पत्नी और बेटी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी गुलाब साहू ने सुबह लगभग 7 बजे अपनी पत्नी लता साहू पर कुल्हाड़ी से हमला किया, जिसके बाद उसने 22 वर्षीय बेटी चित्रा साहू पर भी वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी स्वयं थाना पहुंचा और पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव से परेशान था। उसने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी का एक किराएदार के साथ संबंध था, जिसके कारण घर में लगातार विवाद की स्थिति बनी रहती थी। आरोपी के अनुसार, वह लंबे समय से मानसिक प्रताड़ना झेल रहा था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी पूर्व में पुलिस विभाग में कार्यरत था, लेकिन अनुशासनहीनता के कारण उसे सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। वर्तमान में वह अन्य कार्य कर रहा था।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि मृतका लता साहू ने लगभग चार वर्ष पूर्व गुलाब साहू से दूसरी शादी की थी, जबकि चित्रा साहू उसकी पहली शादी से बेटी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

