Bhilai Chemical Leak: फैक्ट्री में ब्लास्ट जैसे हालात, जहरीला धुआं फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी
हथखोज इंडस्ट्रियल एरिया में केमिकल रिसाव और आग की घटना, इलाके में मची अफरा-तफरी
डिजिटल डेस्क | दुर्ग/भिलाई: भिलाई के हथखोज इंडस्ट्रियल एरिया स्थित इंजीनियरिंग पार्क में केएसएस हाइड्रोकार्बन फैक्ट्री में पिच ऑयल की लोडिंग के दौरान अचानक पाइपलाइन फटने से बड़ा हादसा हो गया। पाइपलाइन फटने के बाद गर्म केमिकल जमीन पर फैल गया, जो हवा के संपर्क में आते ही धुएं में बदलकर आसपास के क्षेत्र में फैल गया।
धुएं के प्रभाव से आसपास की फैक्ट्रियों में कार्यरत मजदूरों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी, वहीं कई बच्चों में उल्टी और अस्वस्थता की शिकायत सामने आई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
चिंताजनक बात यह रही कि हादसे के बाद कंपनी प्रबंधन द्वारा न तो सायरन बजाया गया और न ही तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों ने आग की लपटें और घना धुआं देखकर स्वयं फायर ब्रिगेड को सूचित किया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। फायर विभाग के कमांडेंट नागेंद्र सिंह ने स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और ऑपरेशन का नेतृत्व किया।
दमकल अधिकारी के अनुसार, पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों और आपातकालीन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन द्वारा मामले की विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए हैं।

