CG BREAKING: 1800 रुपये और मोबाइल पासवर्ड को लेकर 2 दोस्त के बीच विवाद…..दोस्तों ने दोस्त की जान ले ली

डिजिटल डेस्क | दुर्ग/सक्ती (छत्तीसगढ़) — जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के चलते एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 1800 रुपये और मोबाइल पासवर्ड को लेकर हुए विवाद में दो युवकों ने अपने ही दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार, मृतक राहुल कुर्मी (25) ग्राम बंदोरा का निवासी था और “राहुल ऑटो” नाम से धुलाई मशीन सेंटर संचालित करता था। 28 मार्च की सुबह वह फ्लाई ऐश में मजदूर तलाशने के लिए घर से निकला था। उसी दिन शाम को उसका शव घर के पास संदिग्ध अवस्था में मिला।

मृतक के चाचा विनोद वर्मा (42) ने मालखरौदा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। सूचना मिलने पर जब वे मौके पर पहुंचे, तो राहुल का शव जमीन पर पड़ा मिला। शव के गले पर दबाव के निशान थे तथा सिर और चेहरे पर ईंट से वार के स्पष्ट चिन्ह पाए गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। संदेह के आधार पर मृतक के दो दोस्तों—इंद्र कुमार गबेल और नारायण यादव—को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इंद्र कुमार गबेल ने बताया कि राहुल ने उसकी जेब से 1800 रुपये निकाल लिए थे और उसके मोबाइल का पासवर्ड भी बदल दिया था। वहीं नारायण यादव को शक था कि राहुल ने उसके भाई का मोबाइल भी चोरी किया है।

इसी बात को लेकर दोनों आरोपियों ने पहले कपड़े से राहुल का गला घोंटा। जब वह पूरी तरह मृत नहीं हुआ, तो इंद्र कुमार गबेल ने उसके सिर पर ईंट से वार कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के बाद 29 मार्च को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!