आधी रात जोरदार धमाका… फ्रिज फटते ही धधक उठा घर, महिला की दर्दनाक मौत
डिजिटल डेस्क | दुर्ग/ बिलासपुर: सरकंडा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। लिंगियाडीह स्थित साईं मंदिर के पीछे एक मकान में फ्रिज में ब्लास्ट होने से आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से एक बुजुर्ग महिला की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना के समय महिला घर में अकेली थी, जिसके कारण उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया।
मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान जया अग्रवाल (57 वर्ष) के रूप में हुई है, जो अपने मुंहबोले वकील भाई के साथ उक्त मकान में रहती थीं। बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पहले ही उनके भाई का निधन हुआ था। देर रात अचानक घर में रखे फ्रिज में जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
लोगों ने देखा कि मकान में आग लगी हुई है। स्थानीय लोगों ने पार्षद दिलीप पाटिल की मदद से बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने का प्रयास किया और तत्काल पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग बुझाने के बाद जब घर के अंदर तलाशी ली गई, तब बुजुर्ग महिला बुरी तरह झुलसी हुई अवस्था में मिलीं। उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्चुरी भेज दिया है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि पहले उन्हें लगा था कि गैस सिलेंडर फटने से आग लगी है, लेकिन प्रारंभिक जांच में सामने आया कि हादसा फ्रिज में ब्लास्ट होने से हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

