रायपुर शहर संगठन की मजबूती पर कांग्रेस की बड़ी बैठक, प्रभारी अरुण वोरा ने लिया पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं का मंथन

डिजिटल डेस्क |दुर्ग रायपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी निर्देशों के परिपालन में रायपुर शहर के प्रभारी नियुक्त किए गए वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक अरुण वोरा ने आज रायपुर स्थित जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक लेकर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की। बैठक में बड़ी संख्या में पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे तथा बूथ से लेकर वार्ड और पंचायत स्तर तक संगठन को सुदृढ़ बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा,प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा, पूर्व विधायक शैलेश नितिन त्रिवेदी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता पंकज शर्मा, पूर्व महापौर प्रमोद दुबे, शीनू, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री मेनन, विभिन्न ब्लॉक अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे। कार्यालय परिसर में कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही और संगठन को मजबूत बनाने को लेकर उत्साह का वातावरण दिखाई दिया।

इस अवसर पर बैठक को संबोधित करते हुए अरुण वोरा ने कहा,
“कांग्रेस पार्टी का वास्तविक आधार बूथ स्तर का संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। हमें प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक बूथ, पंचायत और वार्ड में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत और सक्रिय बनाना है। जब संगठन जमीनी स्तर पर सशक्त होगा, तभी हम जनभावनाओं और जनता के मुद्दों को पूरी ताकत के साथ उठाने में सफल होंगे।”

उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्धारित समयसीमा के भीतर बूथ कमेटियों का गठन, बीएलए की नियुक्ति तथा संगठनात्मक संरचना को पूर्ण करना प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जाए। साथ ही यह भी कहा कि संगठन निर्माण की प्रक्रिया में सामाजिक संतुलन और वरिष्ठ नेतृत्व के मार्गदर्शन का विशेष ध्यान रखा जाए।
बैठक में आगामी 12 मार्च को कांग्रेस द्वारा भाजपा कार्यालय घेराव कार्यक्रम को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान निर्णय लिया गया कि प्रदेश में उभर रहे विभिन्न जनमुद्दों, विशेषकर अवैध अफीम की खेती जैसे गंभीर विषयों को लेकर कांग्रेस पार्टी प्रदेश की भाजपा सरकार को घेरते हुए जवाब मांगेगी।
अरुण वोरा ने कहा,
“प्रदेश में लगातार सामने आ रहे गंभीर विषयों पर कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर खड़ी है। 12 मार्च को भाजपा कार्यालय घेराव के माध्यम से हम प्रदेश की भाजपा सरकार से जवाब मांगेंगे और इन मुद्दों को पूरे जोर-शोर से उठाएंगे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!