दुर्ग में अफीम की अवैध खेती का खुलासा, डेढ़ एकड़ फसल जब्त
डिजिटल डेस्क | दुर्ग: जिला दुर्ग के जेवरा सिरसा चौकी अंतर्गत ग्राम समोदा में अवैध रूप से अफीम की खेती किए जाने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छापेमार कार्रवाई करते हुए लगभग डेढ़ एकड़ में लगी अफीम की फसल को अपने कब्जे में लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम समोदा के एक खेत में चोरी-छिपे अफीम की खेती की जा रही है। सूचना के आधार पर शुक्रवार को जेवरा सिरसा चौकी पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां खेत में लगभग डेढ़ एकड़ क्षेत्र में अफीम की फसल लगी हुई पाई गई।
बताया जा रहा है कि अफीम की फसल को छिपाने के लिए खेत के चारों ओर ज्वार की फसल बोई गई थी, ताकि किसी को इसकी जानकारी न हो सके। ज्वार के बीच में अफीम के पौधे लगाए गए थे।
मामले की जांच के दौरान खेत के मालिक से पूछताछ की गई। खेत मालिक ने बताया कि उसने अपनी जमीन लीज पर दी हुई है और उसे यह जानकारी नहीं थी कि वहां किस प्रकार की खेती की जा रही है। वहीं खेत में काम करने वाले मजदूर मध्यप्रदेश के खंडवा जिले के बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने संदेह के आधार पर विनायक ताम्रकार नामक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही आगे की कार्रवाई के लिए मौके पर तहसीलदार एवं आरआई को भी बुलाया गया है, जिनकी उपस्थिति में कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि ग्राम समोदा में अवैध अफीम की खेती की सूचना पर पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। उल्लेखनीय है कि दुर्ग जिले में अफीम की खेती का यह पहला मामला सामने आया है।

