Chhattisgarh High Court को बम से उड़ाने की धमकी – ई-मेल से मचा हड़कंप!……
डिजिटल डेस्क | दुर्ग/ बिलासपुर: आज प्रातः छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी संबंधी एक ई-मेल प्राप्त हुआ। ई-मेल में न्यायालय परिसर को निशाना बनाने का उल्लेख किया गया था। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तत्काल अलर्ट मोड पर आ गया और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ कर दिया गया।
सूचना प्राप्त होते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह स्वयं पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और संपूर्ण परिसर को सुरक्षा घेरे में लिया गया। हाईकोर्ट परिसर के सभी प्रवेश एवं निकास द्वारों पर सघन जांच की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीम भी मौके पर तैनात है।
पुलिस एवं साइबर विशेषज्ञों की टीम द्वारा धमकी भरे ई-मेल के स्रोत का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच प्रारंभ कर दी गई है। सर्वर, आईपी एड्रेस तथा अन्य डिजिटल ट्रेल का विश्लेषण किया जा रहा है।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि सुरक्षा में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। किसी भी संभावित परिस्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए गए हैं।
जांच प्रक्रिया जारी है। आगे की जानकारी प्राप्त होने पर पृथक से अवगत कराया जाएगा।

