शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के क्षेत्र में स्कूल असुरक्षित? तोड़फोड़ और आगजनी से दहशत……
दुर्ग शहर में स्कूल परिसर में तोड़फोड़ व कथित तंत्र-मंत्र की घटनाएं, छात्रों में दहशत
डिजिटल डेस्क |दुर्ग। केलाबाड़ी स्थित प्राथमिक एवं मिडिल स्कूल परिसर में असामाजिक तत्वों द्वारा लगातार तोड़फोड़ एवं आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं। हाल ही में स्कूल के फर्नीचर, दस्तावेजों तथा विद्युत उपकरणों को नुकसान पहुंचाया गया, जिससे विद्यार्थियों एवं शिक्षकों में भय का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, एक सप्ताह पूर्व विद्यालय परिसर एवं कक्षाओं के बाहर आपत्तिजनक प्रतीक एवं सामग्री पाए गए थे, जिसकी शिकायत पुलिस को दी गई थी। इसके बावजूद घटनाएं थमने के बजाय बढ़ती गईं। ताजा घटना में टेबल-कुर्सियों को आग के हवाले कर दिया गया, पंखे-लाइट तोड़ दिए गए तथा बिजली बोर्ड एवं बोर के केबल क्षतिग्रस्त किए गए।
विद्यालय परिसर में कक्षा 1 से 8वीं तक की पढ़ाई संचालित होती है। लगातार हो रही घटनाओं से छोटे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और अभिभावकों में भी चिंता व्याप्त है। शिक्षकों ने बताया कि स्कूल की बाउंड्री क्षतिग्रस्त होने के कारण असामाजिक तत्व रात में परिसर में प्रवेश कर लेते हैं तथा कक्षाओं के ताले तोड़कर नुकसान पहुंचाते हैं।
स्कूल प्रबंधन द्वारा पूर्व में भी पुलिस एवं शिक्षा विभाग को शिकायत दी जा चुकी है। ताजा घटनाक्रम के बाद पुनः पद्मनाभपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है।
यह पूरा मामला दुर्ग शहर का है, जो राज्य के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव का विधानसभा क्षेत्र भी है। स्थानीय नागरिकों ने विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि बच्चों को सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण मिल सके।

