दुर्ग में CISF जवान ने की आत्महत्या, आरटीसी कैंप में फंदे पर मिला शव

डिजिटल डेस्क | दुर्ग। उतई थाना क्षेत्र अंतर्गत CISF आरटीसी में पदस्थ 27 वर्षीय जवान मुकेश सिंह ने गुरुवार देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार सुबह उनका शव आरटीसी कैंप परिसर में साइकिल स्टैंड के पास स्थित पार्किंग क्षेत्र में फंदे पर लटका हुआ मिला।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया।

पुलिस के अनुसार मुकेश सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के निवासी थे। आत्महत्या के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि वे लंबे समय से किडनी संबंधी बीमारी से जूझ रहे थे, जिससे मानसिक तनाव की आशंका जताई जा रही है।

घटनास्थल से पुलिस को एक सादा कागज मिला है, जिस पर जवान ने अपने भाई का नाम और मोबाइल नंबर लिखा हुआ था। इसे जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण सुराग माना जा रहा है।

उतई थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार कैंप स्टाफ और साथियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!