भिलाई में बड़ा धमाका! गैस से भरा बलून फटा, दो बच्चों समेत तीन झुलसे

जयंती स्टेडियम के पास गैस से भरा बलून फटने से तीन लोग झुलसे, पुलिस ने तत्काल पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया

डिजिटल डेस्क: दुर्ग/भिलाई: भिलाई नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जयंती स्टेडियम के समीप बुधवार शाम एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा घटित हुआ, जहां सजावट के लिए रखे गए गैस से भरे बड़े बलून के अचानक फट जाने से एक ही परिवार के दो बच्चों सहित तीन लोग झुलस गए।

घटना की सूचना मिलते ही थाना भिलाई नगर पुलिस एवं डायल-112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची तथा घायलों को एंबुलेंस की सहायता से उपचार हेतु सेक्टर-9 अस्पताल भिलाई में भर्ती कराया गया, जहां तीनों का इलाज जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जयंती स्टेडियम के पास स्थित एक बार में सजावट के उद्देश्य से गैस से भरा बड़ा बलून रखा गया था, जो अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। विस्फोट की चपेट में आकर इशांत वर्मा (उम्र 14 वर्ष), पूर्वी वर्मा (उम्र 10 वर्ष) एवं खेलन वर्मा (उम्र 36 वर्ष) झुलस गए।

डॉक्टरों के अनुसार इशांत वर्मा लगभग 35 प्रतिशत तक झुलसा है, जबकि पूर्वी वर्मा एवं लेखिन बाई (पत्नी कमलेश्वर वर्मा) 15 से 20 प्रतिशत तक झुलसी हैं। सभी घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, हालांकि इशांत वर्मा की हालत पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। जांच के दौरान यह भी देखा जा रहा है कि संबंधित बार में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं तथा गैस से भरे बलून का उपयोग किस उद्देश्य से किया गया था।

भिलाई नगर पुलिस द्वारा आमजन से अपील की जाती है कि सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार की सजावट अथवा ज्वलनशील सामग्री का उपयोग करते समय पूर्ण सतर्कता एवं सुरक्षा मानकों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!