दुर्ग में जल संकट से राहत की पहल: वार्ड 11 में पार्षद आशीष चंद्राकर ने हर घर तक पहुंचाया पानी का जार
डिजिटल डेस्क | दुर्ग: दुर्ग शहर में लगातार गहराते जल संकट से आमजन बुरी तरह परेशान हैं। आए दिन नल बंद रहने और अनियमित जल आपूर्ति के कारण लोगों को पीने के पानी के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। इस समस्या को देखते हुए वार्ड क्रमांक 11 के पार्षद आशीष चंद्राकर ने जनता को राहत देने के उद्देश्य से हर घर पानी का जार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है।
पार्षद आशीष चंद्राकर ने बताया कि जब तक नल जल की समस्या पूरी तरह से हल नहीं हो जाती, तब तक वार्डवासियों को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए यह वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। जरूरतमंद परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर पीने योग्य पानी के जार वितरित किए जा रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जल संकट के इस कठिन समय में पार्षद द्वारा किया गया यह प्रयास बेहद सराहनीय है। लोगों का कहना है कि लंबे समय बाद किसी जनप्रतिनिधि ने जमीनी स्तर पर समस्या को समझते हुए त्वरित राहत दी है।
यह पहल न केवल वार्ड 11 बल्कि पूरे दुर्ग शहर के लिए एक सकारात्मक संदेश है कि संकट के समय जनप्रतिनिधि जनता के साथ खड़े हैं।

