CG BREAKING: डेंटल कॉलेज में स्वास्थ्य से खुला खिलवाड़, छात्रों के खाने में निकला मरा मेंढक…..

छत्तीसगढ़ डेंटल कॉलेज के मेस में परोसे गए भोजन में मरा मेंढक, फूड सेफ्टी विभाग ने जारी किया कारण बताओ नोटिस

डिजिटल डेस्क| दुर्ग/ राजनांदगांव। राजनांदगांव जिले के सुंदरा स्थित छत्तीसगढ़ डेंटल कॉलेज के छात्रावास मेस में परोसे गए भोजन में मरा हुआ मेंढक मिलने का गंभीर मामला सामने आया है। यह घटना 7 जनवरी की रात की बताई जा रही है, जब छात्र मेस में डिनर करने पहुंचे थे। इसी दौरान एक छात्र की थाली में मूंग की दाल के भीतर पूरा पका हुआ मृत मेंढक पाया गया, जिससे छात्रों में आक्रोश फैल गया।

 

मामला लालबाग ग्रामीण थाना क्षेत्र का है। छात्रों की शिकायत के बाद फूड एवं सेफ्टी विभाग की टीम ने मेस का अचानक निरीक्षण किया। जांच के दौरान थाली में परोसे गए चावल में इल्ली-कीड़ा भी मृत अवस्था में पाया गया। इसके साथ ही मेस में साफ-सफाई की भारी कमी और एक्सपायरी डेट के खाद्य पदार्थों के इस्तेमाल की पुष्टि भी हुई।

फूड सेफ्टी विभाग की कार्रवाई

फूड एवं सेफ्टी विभाग ने मौके से खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। स्वास्थ्य और सुरक्षा मानकों में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर मेस का संचालन करने वाली संस्था को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। विभाग का कहना है कि छात्रों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

डीन ने जांच की बात कही

छत्तीसगढ़ डेंटल कॉलेज के डीन डॉ. एसके नंदा ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मेस में परोसे गए भोजन में मृत मेंढक मिलने की शिकायत की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि संस्था को समय-समय पर साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए जाते हैं, हालांकि एक्सपायरी खाद्य सामग्री मिलने के आरोपों से उन्होंने इनकार किया है।

छात्रों की सेहत पर खतरा

कॉलेज में छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों से आए छात्र पढ़ाई करते हैं, जो भोजन के लिए पूरी तरह मेस पर निर्भर रहते हैं। छात्रों का कहना है कि दूषित भोजन और उसमें मृत जीव मिलने से फूड पॉइजनिंग, बैक्टीरियल इन्फेक्शन जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। इस घटना के बाद छात्रों में भय और नाराजगी का माहौल है।

जिला खाद्य अधिकारी का बयान

जिला खाद्य अधिकारी तरुण बिरला ने बताया कि डेंटल कॉलेज के मेस में भोजन में मेंढक मिलने की शिकायत पर जांच टीम भेजी गई थी। निरीक्षण के दौरान कुछ कमियां पाई गई हैं, जिसको लेकर संबंधित संस्था को नोटिस जारी किया गया है। सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!