सुदूर अंडमान में छा गया रिखी का छत्तीसगढ़िया रंग, देश भर के दलों के बीच मिली भरपूर सराहना

सुदूर अंडमान में छा गया रिखी का छत्तीसगढ़िया रंग, देश भर के दलों के बीच मिली भरपूर सराहना

डिजिटल डेस्क | दुर्ग/भिलाई। प्रख्यात लोकवाद्य संग्राहक रिखी क्षत्रिय व उनके समूह ने अंडमान निकोबार द्वीप समूह में छत्तीसगढ़ी संस्कृति के जमकर रंग बिखेरे। हाल ही में वहां संपन्न हुए आईलैंड टूरिज्म फेस्टिवल-2025 में देश भर के कलाकारों के बीच रिखी क्षत्रिय के समूह ने छत्तीसगढ़ लोकनृत्य व संगीत का जादू जगाया।

 

जिसे अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के प्रशासक (उपराज्यपाल) एडमिरल डी. के. जोशी (सेवानिवृत्त) सहित तमाम अतिथियों और देश भर के सैलानियों ने खूब पसंद किया। प्रशासक ने रिखी और उनके समूह की प्रस्तुति की बेहद तारीफ की।उल्लेखनीय है कि संचालनालय संस्कृति एवं राजभाषा छत्तीसगढ़ शासन रायपुर की ओर से अंडमान निकोबार के इस  लोक नृत्य महोत्सव में रिखी क्षत्रिय व उनके समूह को भेजा गया था।

 

जिसमें रिखी के साथ 16 सदस्यीय दल ने वहां के अलग-अलग द्वीपों में 31 दिसंबर तक अपनी प्रस्तुति दी। रिखी क्षत्रिय ने बताया कि इस प्रतिष्ठित समारोह में 10 राज्यों के लोकनृत्य समूहों को आमंत्रित किया गया था। जहां देश भर के इन समूहों के बीच उनके दल ने ककसाड़ नृत्य, माड़ी करमा और परब की प्रस्तुति दी। यह प्रस्तुतियां अंडमान के वंडूर, मरीन, डिगलीपुर एवं आईटीएफ में दी गईं।

 

इन प्रस्तुतियों के उपरांत अंडमान निकोबार द्वीप समूह के कला एवं संस्कृति विभाग की निदेशक प्रियंका कुमार ने छत्तीसगढ़ के सभी कलाकारों का अभिनंदन किया और उनकी प्रस्तुति को सराहा। इस समूह में कुलदीप सार्वा, प्रदीप ठाकुर, संजीव कुमार, पारस रजक, सुनील, भीमेश सतनामी, वेद प्रकाश, प्रमोद, जया ठाकुर , प्रियंका साहू , हेमा , लीना  , हुलसी, नेहा देवांगन और गीतांजली साहू शामिल थे। रिखी क्षत्रिय ने बताया कि यहां प्रस्तुतियों से मिली सराहना से सभी कलाकार बेहद उत्साहित हैं। विशेष कर देश भर के सैलानियों और वहां के स्थानीय प्रशासन के उत्साहवर्धन ने सभी छत्तीसगढ़ी कलाकारों को खूब बढ़ावा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!