दुर्ग ब्रेकिंग: मरोदा में मकान में लगी आग, दुर्ग अग्निशमन दल की बहादुरी से बड़ा हादसा टला
दुर्ग के स्टेशन मरोदा क्षेत्र में बीती रात एक हादसा होते-होते टल गया। रात करीब 11 बजे जब अधिकांश घरों में सन्नाटा पसरा हुआ था, तभी अचानक श्री धनंजय कुमार के मकान से धुआँ उठने लगा। पड़ोसियों की घबराई हुई आवाजें गूँज उठीं और तुरंत सूचना दुर्ग अग्निशमन कार्यालय को दी गई।
अंधेरी रात में चंद मिनटों के भीतर ही अग्निशमन दल की दमकल टीम मौके पर पहुँच गई। आग तेज़ी से फैल रही थी, लेकिन दल के जवानों ने बिना समय गंवाए बहादुरी दिखाते हुए अंदर प्रवेश किया। चारों दिशाओं से पानी की बौछार शुरू हुई और सिर्फ एक ही गाड़ी पानी की मदद से आग को काबू में कर लिया गया।
इस बीच सबसे बड़ा खतरा उस गैस सिलेंडर से था, जो आग की लपटों के बीच पड़ा हुआ था। फायर कर्मी हीरामन ठाकुर ने जोखिम उठाते हुए मकान के भीतर घुसकर सिलेंडर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उनकी इस बहादुरी ने एक बड़ी दुर्घटना को रोक दिया।
पूरे अभियान का नेतृत्व दल प्रभारी महेन्द्र चंदेल ने संभाला। टीम के सदस्य मुख्तार अली, अवतार सिंह और धर्मेंद्र कुमार ने मिलकर मौके की स्थिति पर तेजी से नियंत्रण पाया। उनकी समय पर की गई कार्रवाई से आग अन्य घरों तक फैलने से बच गई और लोगों ने राहत की साँस ली।
घटना की जांच पुलिस द्वारा जारी है।
दुर्ग के जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी श्री नागेंद्र कुमार सिंह ने पूरी टीम की सराहना करते हुए बताया कि—
“अग्निशमन कर्मियों के साहस और तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।”

