दुर्ग में नई जमीन गाइडलाइन के विरोध में एक दिवसीय भूख हड़ताल : देवेंद्र यादव के आंदोलन में अरुण वोरा भी उतरे मैदान में
दुर्ग में नई जमीन गाइडलाइन के विरोध में एक दिवसीय भूख हड़ताल : देवेंद्र यादव के आंदोलन में अरुण वोरा भी उतरे मैदान में
प्रदेश की भाजपा सरकार की जमीन की नई गाइडलाइन को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों पर पुलिस प्रशासन द्वारा किए गए बल प्रयोग एवं लाठीचार्ज के विरोध में आज महात्मा गांधी चौक दुर्ग में एक दिवसीय भूख हड़ताल सुबह 9 बजे से किया जा रहा है। यह पहल भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव की है, जिन्होंने इसे सरकार का तानाशाही निर्णय बताया है। इस प्रदर्शन में वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं दुर्ग शहर के पूर्व विधायक अरुण वोरा ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और प्रदेश की भाजपा सरकार से जमीन की नई गाइडलाइन को वापस लेने की मांग को जोर से उठाया।
लाठीचार्ज की घटना पर विधायक देवेंद्र यादव ने कहा—
“सरकार के आदेश पर व्यापारियों और आम जनता पर लाठी चलाना उनके तानाशाही रवैए को उजागर करता है। यह लोकतंत्र नहीं—डराने की कोशिश है।”
इसी बीच वोरा ने भी राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि जनता की पीठ पर डंडे बरसाकर कोई फैसला थोपना लोकतांत्रिक मूल्यों का खुलेआम अपमान है।
अरुण वोरा का बयान :
“व्यापारियों और आम लोगों पर लाठीचार्ज यह साबित करता है कि सरकार संवाद से नहीं, दबाव और डर से शासन चलाना चाहती है। सरकार यदि सचमुच जनविश्वास चाहती है, तो उसे इस जनविरोधी निर्णय को तत्काल वापस लेकर संवाद का रास्ता चुनना होगा।”
बता दें कि छत्तीसगढ़ में जमीन की नई गाइडलाइन की वजह से जमीन की कीमतें 5–6 गुना बढ़ गई हैं, जिसके खिलाफ प्रदेशभर के रियल एस्टेट से जुड़े कारोबारी सरकार से गाइडलाइंस में बदलाव की मांग कर रहे हैं और जिला स्तर पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

