CG BREAKING: दुर्ग में मतदाता पुनरीक्षण के दौरान शिक्षक-BLO पर हमला, “मेरे मोहल्ले में यह काम मत करो, यहां से चले जाओ, वरना बुरा होगा”
मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) कार्य के दौरान BLO पर हमला – आरोपी गिरफ्तार, गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज
दुर्ग जिले में मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य के दौरान एक गंभीर घटना सामने आई है। खुर्सीपार थाना क्षेत्र में 25 नवंबर को शराब के नशे में धुत एक युवक जावेद हुसैन ने अपने क्षेत्र में बीएलओ द्वारा किए जा रहे सर्वे कार्य का विरोध करते हुए उन पर पत्थर से हमला कर दिया। वार इतना जोरदार था कि बीएलओ गंभीर रूप से घायल हो गए।
निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा क्षेत्र 65 भिलाईनगर के भाग संख्या 117 में बीएलओ नियुक्त किए गए रूपेश कुमार जोशी (35 वर्ष), सहायक शिक्षक, अपने साथ निगम कर्मचारियों पी. कार्तिक और दिनेश के साथ वार्ड-44, लक्ष्मीनारायण वार्ड के गोकुल नगर क्षेत्र में घर-घर सर्वे कर रहे थे। दोपहर 1 बजे उड़िया मोहल्ले में युवक जावेद हुसैन ने बीएलओ को धमकाते हुए कहा—
“मेरे मोहल्ले में यह काम मत करो, यहां से चले जाओ, वरना बुरा होगा।”
समझाइश के बावजूद युवक नहीं माना और पत्थर से बीएलओ के सिर पर वार कर दिया।
बीएलओ को गंभीर चोट आने पर उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। साथ मौजूद कर्मचारियों ने बीचबचाव कर उनकी जान बचाई। कर्मचारियों का कहना है कि यदि वे हस्तक्षेप न करते तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
प्रशासन और पुलिस की त्वरित कार्रवाई
सूचना मिलते ही छावनी एसडीएम हितेश पिस्दा और खुर्सीपार पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी जावेद हुसैन को हिरासत में लेकर निम्न गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है—
- शासकीय कार्य में बाधा
- गाली-गलौज
- जान से मारने की धमकी
- हत्या का प्रयास (Attempt to murder)
प्रकरण को अत्यंत गंभीर मानते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

