BIHAR ELECTION: आज नीतीश कुमार लेंगे सीएम पद की शपथ, छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने दी बधाई
नीतीश कुमार अपने मंत्रिमंडलीय सहयोगियों के साथ आज 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। पटना के गांधी मैदान में सुबह 11.30 बजे आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा व कई केंद्रीय मंत्रियों सहित एनडीए शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। एनडीए विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजभवन जाकर अपने पद से त्याग पत्र दिया और नई सरकार बनाने का दावा पेश किया। बुधवार को राजनीतिक गहमागहमी के बीच जदयू और भाजपा विधायक दल की बैठक हुई। नीतीश कुमार जदयू विधायक दल के नेता चुने गए। इधर, भाजपा विधायक दल के नेता के रूप में सम्राट चौधरी और उप नेता के रूप में विजय कुमार सिन्हा के नाम पर मुहर लगी।
बिहार विधानसभा चुनाव में 202 सीटें लाने वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के लिए आज ऐतिहासिक दिन है। गांधी मैदान में नई सरकार का शपथ ग्रहण होगा और इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कई केंद्रीय मंत्रियों समेत एनडीए के सभी घटकों के प्रमुखों, एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और बड़े नेता शामिल होंगे।

केंद्रीय मंत्री और रालोद प्रमुख जयंत चौधरी ने नई दिल्ली से बिहार की नई सरकार को बधाई देते हए कहा- “बिहार की जनता ने बिहार के विकास, नीतीश कुमार की सादगी-ईमानदारी से प्रभावित होकर फिर से उन्हें मौका दिया है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण पर बहुत काम किया, जिसके कारण सभी वर्गों ने वोट दिया। वोट चोरी का मुद्दा उठाकर जो लोग मतदाताओं के अधिकारों को छीनना चाहते थे, जनता उन्हें सत्ता से बाहर देखना चाहती थी और उन्हें सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। नई सरकार को बधाई!”
पटना में शपथ ग्रहण समारोह के लिए निकलने से पहले छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि हम लोगों ने बिहार आकर देखा था कि नीतीश कुमार की जन-मानस में बहुत गजब की स्वीकार्यता है। नीतीश 10वीं बार प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले रहे हैं। यह ऐतिहासिक है।

