CG BREAKING: फ्री फायर से शुरू हुई दोस्ती, फिर हुआ प्यार… बिहार से कोरबा आया युवक हथियार के साथ गिरफ्तार

कोरबा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में हथियार लेकर घूम रहे एक युवक की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पथरीपारा इलाके से आरोपी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान युवक के पास से एक पिस्टल बरामद हुई, जिसमें कारतूस लोड था। इसके अलावा उसके जूते के अंदर भी एक कारतूस छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने तुरंत युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान बिहार के सीतामढ़ी जिले के निवासी के रूप में बताई और यह जानकारी दी कि वह कोरबा के श्री राम डोमेट्री होटल (कोतवाली थाना क्षेत्र) में ठहरा हुआ है। पुलिस जब होटल में पहुंची और रूम नंबर 103 की जांच की, तो वहां से अतिरिक्त कारतूस भी बरामद हुए।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पिछले 6 दिनों से होटल में ठहरा हुआ था, लेकिन इसकी सूचना होटल संचालक बबलू यादव द्वारा न तो पुलिस को दी गई और न ही आरोपी का नाम एंट्री रजिस्टर में दर्ज किया गया था। यह गंभीर लापरवाही पाई गई।

पूछताछ में युवक ने बताया कि उसकी कोरबा की एक युवती से फ्री फायर गेम के माध्यम से दोस्ती हुई, जो बाद में प्रेम-प्रसंग में बदल गई। इसी के चलते वह युवती से मिलने बिहार से कोरबा आया था। जानकारी के अनुसार, युवती भी कई बार होटल में आरोपी से मिलने आई थी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर ने बताया कि आरोपी की कब्जे से पिस्तौल और कारतूस जब्त किए गए हैं। साथ ही होटल संचालक को भी आरोपी बनाकर उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। आरोपी राहुल सिंह पर पहले से बिहार में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जिसके संबंध में कोरबा पुलिस बिहार पुलिस से संपर्क कर जांच आगे बढ़ा रही है।

एएसपी ने होटल संचालकों और मकान मालिकों से अपील की है कि बाहरी व्यक्तियों की सूचना अनिवार्य रूप से पुलिस को दें। बिना सूचना ठहराने पर संबंधित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!